भारत में जल्द वैक्सीनेशन (Vaccination) का दायरा बढ़ने वाला है. अब छोटे बच्चों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है. एक्सपर्ट कमिटी ने भारत बायोटेक (Bharat Biotech) की कोरोना वैक्सीन के सेकंड और थर्ड फेज़ के ट्रायल की सिफारिश की है. जो 2 से 18 साल के आयु वर्ग के लिए है.
दरअसल देश में कोरोना की तीसरी लहर के अलर्ट ने चिंता बढ़ा दी है. इसमें कहा जा रहा है कि तीसरी लहर बच्चों को सबसे ज्यादा प्रभावित करेगी. लिहाजा, बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन की मांग तेज़ हुई है.
बता दें कि मंगलवार को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की एक कमिटी ने भारत बायोटेक के आवेदन पर विचार किया था. इसके मद्देनजर दिल्ली-पटना एम्स और नागपुर समेत कई अन्य स्थानों पर इसके ट्रॉयल्स की पहचान की गई है.

