नवजोत सिंह सिद्दू पर बरसे पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, कहा- 'पाकिस्तान के साथ हैं सिद्धू के संबंध'

Featured News

नवजोत सिंह सिद्दू पर बरसे पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, कहा- 'पाकिस्तान के साथ हैं सिद्धू के संबंध'

 पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amrinder Singh) ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Siddhu) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकारों से बात करते हुए पंजाब पूर्व सीएम ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्दू के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और जनरल बाजवा के साथ रिश्ते हैं। उनके यह रिश्ते कई बार सार्वजनिक मंच पर भी सामने आए हैं। ये देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक है। ऐसे में वो सिद्दू को पंजाब का नया मुख्यमंत्री कतई स्वीकार नहीं करेंगे, वो कांग्रेस के लिए विनाश साबित होंगे।



कैप्टन बोले, अपमानित महसूस कर रहा था

कैप्टन अमरिंदर सिंह यही नहीं रूके उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्हें एक मंत्रालय सौंपा था, लेकिन उन्होंने 7 महीने तक एक भी फाइल खोलकर नहीं देखी। ऐसे शख्स को पंजाब का मुख्यमंत्री कतई स्वीकार नहीं करेंगे और इसका पुरजोर विरोध करेंगे। बता दें कि पार्टी हाईकमान के आदेश के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी और पंजाब के लिए जिंदगीभर काम किया है, लेकिन जिस तरह से उनके काम पर सवाल उठाए गए उससे वो अपमानित महसूस कर रहा था।


वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह के पार्टी छोड़ने की खबरों पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल कांग्रेस में हूं, जहां तक आगे का फैसला है उसके बारे में सहयोगियों के साथ बातचीत करेंगे। जहां तक पंजाब के अगले सीएम की बात है तो जो फैसला लिया जाए उसके बारे में कुछ नहीं कहेंगे, जिसे सीएम बनाना हो उसे सीएम बना दें।

सोनिया गांधी तय करेंगी पंजाब का नया सीएम

गौरतलब है कि पंजाब के नए मुख्यमंत्री को लेकर विधायक दल की बैठक समाप्त हो गई है। बैठक के बाद हरीश रावत ने कहा कि इस दौरान सर्वसम्मति से 2 प्रस्वात पास हुए। पहले प्रस्ताव में सभी विधायकों ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के काम की तारीफ की। वहीं दूसरे प्रस्ताव में पंजाब का नया मुख्यमंत्री चुनने की जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर सौंप दी। विधायकों का कहना है कि पार्टी आलाकमान जो भी फैसला लेगी वो हमें मंजूर होगा।