डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसमें व्यक्ति को काफी परहेज से रहना होता है, नहीं तो यह सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकती है। यह बीमारी आनुवांशिक या उम्र बढ़ने पर या मोटापे के कारण या तनाव के कारण हो सकती है। इसलिए इन चीजों पर भी लोगों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस बीमारी की सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि यह एक बार किसी को हो जाती है तो यह इंसान के साथ जीवनभर रहती है। इसलिए जरूरी है कि डायबिटीज के मरीज अपने खानपान पर हमेशा ध्यान रखें और ऐसी चीजों का सेवन करें, जो शरीर में ब्लड शुगर की मात्रा को संतुलित रखें। आइए जानते हैं डायबिटीज को नियंत्रण में रखने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में...
तुलसी की पत्तियां चबाकर खाएं
- तुलसी एक जानी-मानी औषधि है, जिसका इस्तेमाल कई बीमारियों में किया जाता है। आयुर्वेद में तुलसी के पौधे के हर भाग को स्वास्थ्य के लिहाज से फायदेमंद बताया गया है। डायबिटीज के मरीजों को रोजाना सुबह दो से तीन तुलसी की पत्तियां चबाकर खानी चाहिए। ये डायबिटीज को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं।
इन चीजों का जूस पीएं
- करैला भले ही स्वाद में कड़वा होता है, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो सुबह खाली पेट टमाटर, खीरा और करैले का जूस मिलाकर पीएं। यह डायबिटीज को नियंत्रण में रखते हैं।
मेथी का पानी पीएं
- डायबिटीज के मरीजों के लिए मेथी बहुत ही लाभदायक होता है। अगर आप अपने डायबिटीज को नियंत्रण में रखना चाहते हैं तो इसके लिए सबसे पहले मेथी के दानों को एक गिलास पानी में भिगोकर रातभर के लिए छोड़ दें और अगली सुबह उन दानों को चबाकर खाएं और साथ ही उसके पानी को भी पी जाएं। इससे आपको काफी फायदा मिलेगा।
नीम की पत्तियों का जूस पीएं
- एंटीबायोटिक गुणों से भरपूर नीम को सर्वोच्च औषधि के रूप में जाना जाता है। यह स्वाद में भले ही कड़वा हो, लेकिन इससे होने वाले लाभ अमृत के समान होते हैं। डायबिटीज के मरीजों को रोजाना सुबह खाली पेट नीम की पत्तियों का जूस जरूर पीना चाहिए। इससे डायबिटीज के नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन करने या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
