एक्ट ऑफ गॉड' या 'एक्ट ऑफ फ्रॉड': मोरबी घटना के बाद पीएम मोदी का पुराना वीडियो शेयर कर रहा विपक्ष

Featured News

एक्ट ऑफ गॉड' या 'एक्ट ऑफ फ्रॉड': मोरबी घटना के बाद पीएम मोदी का पुराना वीडियो शेयर कर रहा विपक्ष

 गुजरात में रविवार को मोरबी पुल गिरने की घटना के बाद से विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विपक्ष ने भाजपा सरकार पर "लापरवाही" का आरोप लगाया है। विपक्षी नेताओं ने पीएम मोदी से सवाल पूछा कि क्या यह 'एक्ट ऑफ गॉड' है या 'एक्ट ऑफ फ्रॉड'? बता दें कि 31 मार्च, 2016 को कोलकाता में फ्लाईओवर गिरने के बाद बंगाल की ममता सरकार पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने इसी तरह का हमला बोला था। उस हादसे में भी कई लोग मारे गए थे। पीएम मोदी ने कहा था कि पुल टूटने की घटना 'एक्ट ऑफ गॉड नहीं एक्ट ऑफ फ्रॉड' है। अब विपक्ष पीएम मोदी को उन्हीं का पुराना बयान याद दिला रहा है।



शोक व्यक्त करने वाले नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शामिल भी थे। मोरबी में पुल टूटने की घटना को लेकर कांग्रेस के कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने इसे 'मानव निर्मित त्रासदी' करार दिया और इसके लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल किया कि यह ‘‘दैवीय घटना है या धोखाधड़ी का कृत्य’’।


माच्छू नदी पर बना करीब एक सदी पुराना पुल रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया। इस पुल को चार दिन पहले मरम्मत के बाद फिर से जनता के लिए खोला गया था। पुल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबल पुल जब टूटा उस पर कई महिलाएं और बच्चे थे। 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए इसे फिर से खोलने से पहले एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था।

भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य सुरजेवाला ने हिंदी में कई ट्वीट करके कहा, ‘‘मोरबी पुल हादसे में गई अनगिनत जानों की दर्दनाक खबर ने पूरे देश का दिल दहला दिया है। सभी शोक संतप्त परिवारों को संवेदनाएं। यह प्राकृतिक हादसा नहीं, मानव निर्मित त्रासदी है। गुजरात की भाजपा सरकार इस जघन्य अपराध की सीधे-सीधे दोषी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री गुजराती भाई बहनों की जिंदगी की कीमत 2 लाख रुपये लगा कर अपनी जिम्मेवारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल व मोरबी विधायक व मंत्री (बृजेश मेरजा) को बताना होगा जब ये पुल 26 अक्टूबर को ही मरम्मत के बाद खोला गया तो पुल कैसे गिर गया?’’