सोशल मीडिया पर कोलकाता में टालीगंज क्षेत्र में आने वाले नवीना सिनेमा हाल में 16 मार्च, 2022 (बुधवार) को द कश्मीर फाइल्स फिल्म के दौरान का बता कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना को ले कर तमाम तरह की बातें कही जा रही हैं। कुछ लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि मुस्लिमों ने इस फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालाँकि, थिएटर के मालिक ने इस बात से इनकार करते हुए कहा कि यह विवाद 2 लोगों द्वारा फोन पर ऊँची आवाज में बात करने के चलते हुआ है।
इंडिया TV के पत्रकार मनीष भट्टाचार्य द्वारा किए गए ट्वीट के मुताबिक, कुछ लोगों ने सिनेमा हाल के अंदर प्रदर्शन किया, इसके चलते फिल्म 15 मिनट रोकनी पड़ी। मनीष के मुताबिक बाद में प्रदर्शनकारियों को थिएटर के बाहर निकाला गया।
अलग – अलग लोगों के अलग – अलग बयान
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वैसे ही इस मामले में अलग – अलग बयान आने लगे। ट्विटर यूजर @HindutvaTeam ने लिखा, “मुस्लिमों की भीड़ ने कोलकाता के नवीना सिनेमा हॉल में द कश्मीर फाइल्स फिल्म को जबरन रुकवा दिया। जब हिन्दुओं ने विरोध किया तब 30 मिनट बाद जा कर फिल्म शुरू हो पाई।”
वहीं सिर्फ न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, “नवीना सिनेमा हॉल के स्टॉफ ने कहा कि कुछ मुस्लिमो ने हॉल के अंदर फिल्म के दौरान प्रदर्शन किया। पुलिस ने भी कहा कि फिल्म को झूठे तथ्यों पर आधारित बता कर नारेबाजी हुई। मौके पर 2 सम्प्रदायों के बीच तनाव फ़ैलने की आशंका हो गई। इसके चलते फिल्म को 15 मिनट के लिए रोक दिया गया।”


