आपके किचन में कई ऐसी चीजें हैं जिनके प्रयोग से आप आसानी से उल्टी (उल्टी रोकने के उपाय) समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इस स्लाइडशो में उन उपचार के बारे में जानते हैं।5

क्यों आती है उल्टी
उल्टी, वमन, नौसा इसके कई नाम है, लेकिन यह कोई बीमारी नहीं है। उल्टी आने के कई कारण हो सकते हैं, जरुरत से अधिक खाना, अधिक शराब पीना, पेट संबंधित समस्या, एसिडिटी, ट्रेवेलिंग के समय, प्रेगनेंसी के दौरान, माइग्रेन, आदि। गर्मी के मौसम में उल्टी आने की संभावना अधिक रहती है, फूड प्वाइजनिंग के कारण या दूसरी बीमारी के कारण भी उल्टी आती है। अगर अधिक उल्टी आ रही है तो इसका तुरंत उपचार करना चाहिए नहीं तो इसके कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है। आपके किचन में कई ऐसी चीजें हैं जिनके प्रयोग से आप आसानी से उल्टी की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इस स्लाइडशो में उन उपचार के बारे में जानते हैं।

बड़े काम का है अदरक
उल्टी रोकने में अदरक बहुत उपयोगी होता है। अदरक से पाचन तंत्र भी मजबूत होता है। एक चम्मच अदरक के रस में 1 चम्मच नींबू का रस मिलाकर इसे दिन में कई बार पियें। इसके अलावा अदरक वाली चाय में थोड़ी सी शहद डालकर पीने से फायदा होता है। अदरक का छोटा टुकड़ा चबाने पर भी फायदा होता है।

चावल का पानी
एसिडिटी और गैस के कारण भी उल्टी आती है। ऐसे में सफेद चावल का पानी बहुत फायदेमंद होता है, क्योंकि इसमें स्टार्च अधिक होता है और यह जल्दी पच जाता है। इसके लिए एक कटोरी चावल को 2-3 कटोरी पानी के साथ उबाल लीजिए। पकने के बाद इसका पानी अलग कर लें। अब इस पानी में हल्का नमक डाल कर इसे पी लें, इससे बहुत जल्द आराम मिलेगा।

लौंग का प्रयोग
लौंग एक ऐसी चीज है जिसके सेवन से न केवल खाना पच जाता है, साथ ही पेट की समस्यायें भी दूर होती हैं। एसिडिटी और फूड प्वाइजनिंग में लौंग बहुत फायदेमंद माना जाता है। उल्टी होने पर 2-3 लौंग मुंह में डालकर चबाने से आराम मिलता है। लौंग की चाय बनाकर पीने से भी फायदा होता है। इसके अलावा लौंग को तवे पर थोडा सेंककर, इसे हल्का दरदरा कर शहद में डालकर खा लीजिए। तुरंत आराम मिलेगा।

सेब का सिरका
अगर उल्टी का एहसास हो रहा है या उल्टी हो रही है तो आप सेब के सिरके का प्रयोग करें। 1 गिलास पानी में 1 चम्मच सेब का सिरका और 1 चम्मच शहद डालकर दिन भर थोड़ा-थोड़ा पीते रहें। उल्टी की दुर्गन्ध से और वोमिट होती है इसके लिए अपने मुंह को विनेगर और पानी मिलाकर उससे कुल्ला कीजिए।

फायदेमंद है पुदीना
पेट के लिए पुदीने को बहुत फायदेमंद माना जाता है। पुदीने में मौजूद मिंट न सिर्फ पेट को बल्कि पूरे शरीर को रिफ्रेश भी कर देता है। 1 कप उबलते पानी में 1 चम्मच सूखे पुदीने की पत्ती डाल लीजिए। इसे 5 से 10 मिनट तक रहने दें फिर छान कर पी लें, तुरंत आराम मिलेगा। इसके अलावा पुदीने की ताज़ी पत्तियों को लेकर चबाने से भी फायदा होता है। पुदीने का रस, नींबू का रस व शहद को बराबर मात्रा में मिलाकर रखें, इसे दिन में 2-3 बार पीने से आराम मिलता है।

प्याज का रस और सौंफ
प्याज में एंटीबॉयटिक गुण होते हैं और सौंफ हमारे पाचन को सही रखता है। 1 चम्मच प्याज के रस में 1 चम्मच कसा हुआ अदरक मिलाकर पीने से उल्टी बंद हो जाएगी। इसके अलावा आधा कप प्याज के रस में 2 चम्मच शहद मिलाएं, थोड़ी-थोड़ी देर में 1 चम्मच इस मिश्रण को पियें। 1 कप उबलते पानी में 1 चम्मच पीसी हुई सौंफ मिलाएं, इसे 10 मिनट तक रखे रहने दें, फिर छानकर दिन में 2 बार पीने से आराम मिलता है। इसके अलावा सौंफ को ऐसे ही मुहं में डालकर चबाने से आराम मिलता है।

नमक शक्कर का घोल
उल्टी होने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, ऐसे में नमक और शक्कर का घोल बहुत काम आता है। आसानी से घर में उपलब्ध चुटकी भर नमक व 1 चम्मच शक्कर को पानी में घोलकर इस मिश्रण को पी लीजिए। इस मिश्रण को दिन में कई बार लेने से आराम मिलेगा और शरीर में पानी की कमी भी नहीं रहेगी।